नई दिल्ली : देश में लॉकडाउन लगने से पहले ही शराब के तलबगारों को शराब की चिंता लगातार सता रही थी, जिसे लेकर उन्होंने विभिन्न राज्य सरकारों के ऐलान के साथ ही शराब का स्टॉक कर लिया। जिससे इस लॉकडाउन में उन्हें शराब के लिए तरसना न पड़े। आपको बता दें कि शराब के इन्हीं तलबगारों के लिए पंजाब सरकार ने बड़ा फैसला लिया है और अल्कोहल को एसेंशियल लिस्ट में शामिल किया है।
बता दें कि सरकार के इस फैसले के साथ ही राज्य में लगे मिनी लॉकडाउन के दौरान शराब के ठेके खोले जाएंगे। आपको बता दें कि पंजाब सरकार ने इस संबंध में मंगलवार दोपहर को ही नोटिफेकेशन जारी कर दिया था। हालांकि नोटिफिकेशन में देरी के कारण एक दिन बाद से ठेके खुलने लगे।
गौरतलब है कि राज्य में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण पंजाब सरकार ने 2 मई से 15 मई तक के लिए लॉकडाउन की घोषणा की थी, इस दौरान उन्होंने जरूरी सेवाओं को इससे छूट दी गई थी। इस दौरान बताया गया था कि जरूरी वस्तुओं की दुकानें जैसे- दवा, दूध, सब्जी, मीट आदि की ही खोलने के आदेश थे। उस दौरान शराब के ठेकों सहित अन्य गैर-जरूरी दुकानों खोलने की अनुमति नहीं दी गई थी।
वहीं लॉकडाउन के दौरान शादी समारोह और अंतिम संस्कार में केवल 10 लोगों को शामिल होने की अनुमति दी गई थी। सरकार के इस ऐलान के बाद शराब ठेकेदारों की ओर से शराब के ठेके खोलने की लगातार मांग उठाई जा रही थी। सरकार के इस आदेश के बाद राज्य में बंद सभी ठेके खोल दिए जाएंगे।
सरकार की ओर से जारी गाइडलाइंस के मुताबिक अब राज्य में किसी को बिना कोरोना नेगेटिव रिपोर्ट के एंट्री नहीं मिलेगी। पंजाब सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि हवाई रास्ते, रेल या फिर सड़क के जरिए पंजाब आने वाले लोगों को बिना कोरोना नेगेटिव सर्टिफिकेट या फिर वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट के प्रदेश में एंट्री नहीं दी जाएगी।