देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां नारकोटिक्स टीम ने भारी मात्रा में चरस बरामद की है। साथ ही नारकोटिक्स टीम ने एक ड्रग पेडलर को भी गिरफ्तार किया है। फिलहाल, उससे पूछताछ की जा रही है। मामला दक्षिण दिल्ली का है।
दक्षिण दिल्ली पुलिस की नारकोटिक्स टीम ने 1.028 किलो चरस के साथ एक ड्रग गिरोह को गिरफ्तार किया है। ड्रग पेडलर का नाम गौरव चोपड़ा उर्फ राहुल बाबा है और जो पंजाब के जालंधर का रहने वाला है।
वह काफी समय से ड्रग्स की सप्लाई के धंधे में लिप्त था। इस सप्लायर को दक्षिण दिल्ली के मदन मोहन मालवीय अस्पताल के पास से पकड़ा गया है। इससे पहले भी ये दिल्ली में एक्साइज विभाग के द्वारा गिरफ्तार हो चुका है। मामले की जांच पुलिस अब भी कर रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है।
10 सितंबर को उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद की इज्जतनगर थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान 4 किलो चरस के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया था। इन तस्करों के कब्जे से पुलिस ने 4 करोड़ रुपए की चरस बरामद की थी। ये तस्कर बरेली से चरस लेकर गाजियाबाद जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने दोनों को रहपुरा रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों शातिर तस्करों के नाम गुलाम नबी और असीम है। दोनों ही बरेली जनपद के रहने वाले हैं। तस्करी गैंग का भंडाफोड़ करते हुए एसएसपी शैलेश कुमार पांडे ने बताया कि पिछले दिनों पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग 4 किलो अफीम लेकर बरेली से गाजियाबाद के लिए निकलेंगे।
जिसके बाद थाना इज्जत नगर पुलिस ने कर्मचारी नगर चौकी क्षेत्र में सिविल वर्दी में अपने कुछ पुलिसकर्मी तैनात कर दिए। जिसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गाजियाबाद की तरफ जाती हुई एक गाड़ी को चेकिंग के लिए रोका। जिस पर इन दोनों तस्करों ने गाड़ी रोकते ही भाग निकलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने इन्हें घेराबंदी करके हिरासत में ले लिया था।