नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री नारायण राणे द्वारा महाराष्ट्र सीएम उद्धव ठाकरे को अपशब्द कहने मामले में उनकी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। दरअसल मुंबई पुलिस द्वारा नारायण राणे की गिरफ्तारी बाद उन्हें जमानत मिल गयी थी। इस बीच अब खबर आ रही है नासिक पुलिस ने राणे को नोटिस भेजा है।

आपको बता दें कि नोटिस में राणे को 2 सितंबर को पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। उद्धव ठाकरे पर विवादित टिप्पणी के मामले में ये नोटिस भेजा गया है। बता दें कि केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के खिलाफ इस मामले में अब तक 4 FIR दर्ज हो चुके हैं।
हंगामा करने वाले शिवसैनिकों से मिले सीएम और आदित्य ठाकरे
केंद्रीय मंत्री राणे के घर पर मंगलवार को हंगामा करने वालों से मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे ने मुलाकात की है। आपको बता दें कि जुहू में कल शिवसैनिकों ने राणे के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया था। राणे के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्टर भी लगे थे, अब हंगामा करने वाले सारे कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री ने मुलाकात की है।
राणे ने क्या कहा था?
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नारायण राणे ने सीएम उद्धव ठाकरे को थप्पड़ मारने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि, ”उस दिन (स्वतंत्रता दिवस) बाजू में खड़े सेक्रेटरी से वो (उद्धव ठाकरे) पूछते हैं कि देश को स्वतंत्र हुए कितने साल हुए। मैं होता तो उन्हें कान के नीचे थप्पड़ मार देता। ये क्या…तुम्हें तुम्हारे देश को स्वतंत्र हुए कितने साल हुए हैं इसकी जानकारी नहीं।”
दरअसल 15 अगस्त के मौके पर सीएम उद्धव ठाकरे बोलते-बोलते ये भूल गए थे कि देश आजादी की हीरक जयंती मना रहा है या अमृत महोत्सव। बस उद्धव की इसी बात को लेकर राणे ने तंज कसा तो शिवसैनिक कार्यकर्ता भड़क उठे। पुणे से लेकर मुंबई और मुंबई से लेकर औरंगाबाद तक शिवसैनिक सड़कों पर झंडे-बैनर लेकर उतर आए। कहीं दोनों दलों के कार्यकर्ता भिड़ तो कहीं बीजेपी समर्थकों की पुलिस से नोंक-झोंक हो गई।