मंदिर में नमाज मामला: अब आगरा की माजर में पढ़ी गई हनुमान चालीसा
उत्तर प्रदेश के मथुरा में स्थित नंदबाबा मंदिर में नमाज पढ़ने के विरोध में आगरा में समुदाय विशेष के धार्मिक स्थलों पर भगवा रंग रंगने वाले हिंदूवादी नेता शुभम पंडित व उसके एक साथी को देर रात थाना लोहामंडी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
वहीं कस्बा शमशाबाद में धर्मस्थल पर जाकर हनुमान चालीसा का पाठ करने वाले हिंदूवादी नेता अजय तोमर को भी थाना शमशाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सभी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं सीओ शमशाबाद वीर कुमार व थाना लोहामंडी प्रभारी संजय त्यागी ने पुष्टि की है। दरअसल आगरा में सोमवार रात पांच मुस्लिम धर्मस्थलों को भगवा रंग में रंगकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। मामला MG रोड, ताजगंज, छीपी टोला और पंचवटी इलाकों का है।
कयास लगाए जा रहे हैं कि मथुरा के नंदबाबा मंदिर में 2 मुस्लिम युवकों के नमाज पढ़ने की घटना के विरोध में आगरा की घटना हुई है।
हालांकि, समय रहते पुलिस अलर्ट हो गई और मुस्लिम धर्मस्थलों से भगवा रंग साफ करा दिया गया। अब आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज चेक कर रही हैं।