1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. मॉनसून सत्र : राज्यसभा में BJP सांसदों के गैरमौजूदगी से पीएम मोदी नाराज, मांगी सांसदों की लिस्ट

मॉनसून सत्र : राज्यसभा में BJP सांसदों के गैरमौजूदगी से पीएम मोदी नाराज, मांगी सांसदों की लिस्ट

राज्यसभा में सोमवार को 'अधिकरण सुधार विधेयक, 2021' को पारित किया गया। इस बिल को सिलेक्ट कमिटी में भेजने के प्रस्ताव पर मत विभाजन के वक्त सदन में बीजेपी के कई सदस्य मौजूद नहीं थे। इसे लेकर पीएम मोदी ने नाराजगी जाहिर की है।

By: Amit ranjan 
Updated:
मॉनसून सत्र : राज्यसभा में BJP सांसदों के गैरमौजूदगी से पीएम मोदी नाराज, मांगी सांसदों की लिस्ट

नई दिल्ली : राज्यसभा में सोमवार को ‘अधिकरण सुधार विधेयक, 2021’ को पारित किया गया। इस बिल को सिलेक्ट कमिटी में भेजने के प्रस्ताव पर मत विभाजन के वक्त सदन में बीजेपी के कई सदस्य मौजूद नहीं थे। इसे लेकर पीएम मोदी ने नाराजगी जाहिर की है। सूत्रों के अनुसार, बीजेपी संसदीय दल की बैठक में इस पर नाराजगी जताते हुए प्रधानमंत्री ने संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी से उन सांसदों की सूची मंगवाई है जो कल, विधेयक के पारित होने के दौरान सदन में मौजूद नहीं थे।

महत्वपूर्ण विधेयक को सिलेक्ट कमिटी में भेजने की मांग

राज्यसभा में सोमवार को संक्षिप्त चर्चा के बाद विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच ‘अधिकरण सुधार विधेयक, 2021’ को मंजूरी दे दी गई। इस विधेयक में चलचित्र कानून, सीमा शुल्क कानून, व्यापार चिन्ह कानून सहित कई कानूनों में संशोधन करने का प्रस्ताव किया गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस बिल को पेश किया था, जिसके बाद विपक्ष इसे बिल को पहले सिलेक्ट कमिटी में भेजने की मांग कर रहा था।

पीएम ने मांगी मतविभाजन के दौरान गायब सांसदों की लिस्ट

विपक्ष ने बिल को सिलेक्ट कमिटी में भेजने का प्रस्ताव पर मतविभाजन की मांग की। लेकिन जब मत विभाजन हुआ, उस वक्त बीजेपी के कई सांसद राज्यसभा सदन में मौजूद नहीं थे। पीएम ने इसे गंभीरता से लिया है और इन सांसदों की लिस्ट मांगी है। हालांकि मतविभाजन में सदन ने 44 के मुकाबले 79 मतों से विपक्ष के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। राज्यसभा में वर्तमान में भाजपा के कुल 94 सदस्य हैं।

टोक्यो ओलिंपिक में प्रदर्शन की सराहना

सूत्रों ने बताया कि संसदीय दल की बैठक में टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के लिए सराहना की गई और पदक विजेताओं का खड़े होकर और तालियां बजाकर सम्मान किया गया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर सभी सांसदों से कहा कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में क्रिकेट के अलावा अन्य स्थानीय खेलों को बढ़ावा दें ताकि आने वाले समय में और खिलाड़ी उभरें।

इसके लिए उन्होंने सांसदों से खेलों से संबंधित बुनियादी ढांचे का विस्तार करने को कहा कि ताकि युवा प्रतिभाओं को प्रशिक्षण दिया जा सके। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बैठक में खेल और युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने तोक्यो ओलंपिक में भारत के प्रदर्शन पर प्रस्तुति दी, जबकि कानून मंत्री व पूर्व खेल मंत्री किरण रिजिजू ने खेलों की तैयारियों के बारे में अपनी बात रखी।

सुरक्षा परिषद की बैठक के बारे में दी गई जानकारी

बैठक के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक के बारे में सांसदों को विस्तार से बताया। गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की खुली परिचर्चा की अध्यक्षता करने वाले नरेंद्र मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए ‘समुद्री सुरक्षा को बढ़ावा: अंतरराष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता’ पर खुली परिचर्चा की अध्यक्षता के दौरान आतंकवाद और समुद्री अपराध के लिए समुद्री मार्ग का दुरुपयोग किए जाने की ओर ध्यान दिलाते हुए चिंता जताई।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...