उज्जैन: जिले के नागदा स्थित डेलनपुर बालाजी धाम में धार्मिक आस्था, संस्कृति और विकास का अनूठा संगम देखने को मिला। नवनिर्मित श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा, कलशारोहण और ध्वजारोहण कार्यक्रम में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। इस दौरान दोनों नेताओं ने सनातन संस्कृति, रामराज्य की अवधारणा और सिंहस्थ-2028 को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिए।

डेलनपुर बालाजी धाम में आयोजित समारोह में राज्यपाल थावरचंद गहलोत और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान बालाजी हनुमान और भगवान श्रीराम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कहा कि सनातन धर्म विश्व शांति का आधार है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सनातन संस्कृति की शिक्षाओं और मूल्यों को समाज तक पहुंचाना आवश्यक है। “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यही विचार पूरी दुनिया को शांति और भाईचारे का मार्ग दिखा सकता है।

वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रामराज्य और राम परिवार की अवधारणा भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े सभी धार्मिक स्थलों को तीर्थ स्वरूप विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि नई पीढ़ी भारतीय संस्कृति, आदर्शों और मूल्यों से जुड़ सके।
मुख्यमंत्री ने डेलनपुर बालाजी धाम के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने मंदिर परिसर में फर्श निर्माण, पेयजल टंकी और बाउंड्री वॉल निर्माण कराने की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार धार्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए प्रतिबद्ध है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ-2028 का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उज्जैन में आयोजित होने वाला सिंहस्थ-2028 विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन होगा, जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। उन्होंने विश्वास जताया कि पूरा मालवा क्षेत्र अतिथि सत्कार की अपनी परंपरा को निभाते हुए श्रद्धालुओं का स्वागत करेगा।
कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, क्षेत्रीय विधायक, जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।