मेरठ- जिले में एमएलसी चुनाव के लिए बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले नामांकन और एक दिसंबर को होने वाले मतदान के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आज मण्डल की कमिश्नर अनीता सी मेश्राम ने इस संबंध में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की बैठक लेते हुए चुनाव को लेकर की गई व्यवस्थाओं के विषय में जानकारी जुटाई।
कमिश्नरी सभागार में अधिकारियों की बैठक लेने के बाद कमिश्नर अनीता सी मेश्राम ने बताया कि मेरठ और सहारनपुर मंडल के नौ जिलों में स्नातक और शिक्षक एमएलसी के पद पर होने वाले चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तैयारियां कर चुका है।
जिसके तहत बृहस्पतिवार से मेरठ कमिश्नरी में सुबह 11 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके बाद एक दिसंबर को मतदान और तीन दिसंबर को मतगणना की तैयारी भी पूरी कर ली गई है।
कोविड की महामारी के दौरान प्रशासन और इलेक्शन कमीशन द्वारा कोविड को लेकर दी गई गाइडलाइन का पूरा पालन किया जाएगा। जिसके तहत चुनाव प्रचार में प्रत्याशी कितने वाहन लगा सकते हैं।
रोड शो में कितने वाहन शामिल होंगे और नामांकन में कितनी भीड़ को अनुमति दी जाएगी। यह सब जिले के निर्वाचन अधिकारी और एआरओ तय करेंगे।
कमिश्नर ने बताया कि कोविड मरीजों के मतदान के लिए भी अलग से एक व्यवस्था की जाएगी। जिससे सभी लोग मतदान में भागीदारी कर सकें।