1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. डीएफओ के संरक्षण में जंगलों की कटाई का बड़ा खेल!, सांवलीगढ़ रेंज में सागौन के सैकड़ों पेड़ों पर चली आरी

डीएफओ के संरक्षण में जंगलों की कटाई का बड़ा खेल!, सांवलीगढ़ रेंज में सागौन के सैकड़ों पेड़ों पर चली आरी

इस मामले की जानकारी एसडीओ को दी गई और अंडर ट्रेनिंग आईएफएस अधिकारी मौके पर जांच के लिए पहुंचे भी, जहां पेड़ों की कटाई होने की बात सामने आई और ठूंठ बनाकर नंबरिंग का काम भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद दस दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

By: Naredra 
Updated:
डीएफओ के संरक्षण में जंगलों की कटाई का बड़ा खेल!, सांवलीगढ़ रेंज में सागौन के सैकड़ों पेड़ों पर चली आरी
  • नाकेदार का दावा डिवीजन तक जाता है हफ्ता!
  • ग्रामीणों को धमकाकर दबाया जा रहा मामला!
  • पीसीसीएफ और विजिलेंस ने भोपाल स्तर से जांच की कही बात

बैतूलः मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में जंगलों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार वन विभाग ही अब गंभीर सवालों के घेरे में आ गया है। पश्चिम वन मंडल के अंतर्गत आने वाली सांवलीगढ़ रेंज के सिताडोंगरी सर्किल में बेशकीमती सागौन के सैकड़ों पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि नाकेदार ने लकड़ी माफियाओं के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर सागौन के पेड़ों पर आरी चलवा दी और बाद में पुराने पीओआर नंबरों का सहारा लेकर कार्रवाई दिखाने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने इस अवैध कटाई की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचाई तो उन्हें डराने और धमकाने का प्रयास किया गया।

10 दिन बाद भी जांच रिपोर्ट गायब

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नाकेदार खुलेआम इस बात को स्वीकार रहा है कि वह डिवीजन तक हफ्ता पहुंचाता है, इसलिए उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी और उस पर अधिकारियों का पूरा संरक्षण है। बताया जा रहा है कि इस मामले की जानकारी एसडीओ को दी गई और अंडर ट्रेनिंग आईएफएस अधिकारी मौके पर जांच के लिए पहुंचे भी, जहां पेड़ों की कटाई होने की बात सामने आई और ठूंठ बनाकर नंबरिंग का काम भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद दस दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है।

कार्रवाई से बचते नजर आ रहे अधिकारी?

इससे यह सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने से क्यों बच रहे हैं। वहीं जब इस पूरे मामले को लेकर भोपाल स्तर पर पीसीसीएफ और विजिलेंस से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिसके बाद मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...