मध्यप्रदेश के उज्जैन में भारतीय जनता पार्टी का दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान” शुरू हो गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हिस्सा लिया और पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और वैचारिक प्रशिक्षण का महत्व बताया।
प्रशिक्षण वर्ग में पहले दिन करीब 200 से अधिक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इसमें सांसद, विधायक, जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, महामंत्री और मंडल प्रभारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कार्यक्रम स्थल पर लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कार्यकर्ताओं से संवाद भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा देशभर में प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन कर संगठन को मजबूत बनाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका अनुशासित और वैचारिक रूप से प्रशिक्षित कार्यकर्ता है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम करता है।

डॉ. मोहन यादव ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर दिए गए संदेश से प्रेरित होकर वे इंदौर से उज्जैन ट्रैवलर वाहन से पहुंचे, ताकि लोगों को सामूहिक यात्रा और संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया जा सके।
भाजपा नेताओं ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया, जनसंपर्क और सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने जैसे विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम के दूसरे दिन समापन सत्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी शामिल होंगे।