राजधानी में ईद-उल-अजहा का पर्व श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। गुरुवार सुबह शहर की ईदगाह में सबसे पहले ईद की नमाज अदा की गई, जहां बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। नमाज के दौरान देश में अमन, शांति और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।
ईदगाह के अलावा ताजुल मस्जिद, मोती मस्जिद, जामा मस्जिद सहित शहर की विभिन्न मस्जिदों में तय समय पर नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।
ईद की नमाज के बाद लोगों ने कब्रिस्तानों में जाकर फातिहा पढ़ी और अपने प्रियजनों को याद किया। साथ ही जरूरतमंदों के बीच सदका और खैरात बांटकर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई गई।
शहर काजी ने लोगों से कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अस्थायी व्यवस्थाएं भी की गई थीं।
बकरीद के मौके पर राजधानी में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। ईदगाह और प्रमुख मस्जिदों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा। ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई, वहीं ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अलग टीमों की तैनाती की गई।