जीवन साथी की दीर्घायु के लिए करवाचौथ पर्व चार नवंबर मनाया जाएगा। पर्व की तैयारियों को लेकर बाजार पूरी तरह गुलजार हैं। महिलाओं के साथ ही दुकानदारों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ज्वेलरी, कॉस्मेटिक, पूजा सामान, कपड़े और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर भी काफी भीड़ जुट रही है। पर्व के नजदीक आते ही बाजार में रौनक लौट आई है। महिलाओं के साज-सज्जा के लिए जगह-जगह दुकानें सज रही हैं। करवा-चौथ पूजन के लिए खास माने जाने वाले मिट्टी के करवे और सास-ससुर के लिए मीठे करवा बाजार में बिक रहे हैं।
इसके साथ ही मिठाई की दुकानों में भी फैनी, फीकी और मिठी मट्ठी सजाई गई हैं। खास बात है कि इस बार दुकानदारों ने कारोना संक्रमण का ख्याल रखते हुए महिलाओं की खरीदारी के सामान पैकेट बनाकर रखे हैं। इससे समय की बचत होने के साथ ही संक्रमण का खतरा भी कम रहेगा।
करवाचौथ महिलाओं के लिए खास होता है। महिलाएं निर्जला उपवास रखेंगी। इसमें जितना महत्व व्रत के विधि-विधान का है, उतना ही सजने-संवरने का भी माना जाता है। ऐसे में सोलह श्रृंगार के लिए महिलाओं ने खरीदारी शुरू कर दी है।
ज्वेलरी बाजार की बात करें तो कारोबारियों ने इस पर्व को लेकर ऑफर दिए हैं। हार, नेकलेस, झुमके, कंगन और अंगूठी की मांग ज्यादा है। गहनों पर मेकिंग चार्ज और डायमंड ज्वेलरी पर महिलाओं को लुभाने के लिए यह विशेष छूट दी गई है।
कोरोनाकाल में शुरू हुए अनलॉक में तीज त्योहारों ने ब्यूटी पार्लर के थमे पहिये भी रफ्तार पकड़ने का कार्य किया है। करवा चौथ के लिए सुहागिनें एडवांस बुकिंग करा रही हैं। साथ ही करवा स्पेशल ऑफर के तहत दो से पांच हजार तक के पैकेज भी दिए जा रहे हैं। इसमें हेयर कटिंग, फैशियल, पेडीक्योर आदि शामिल हैं। इसके अलावा मेहंदी बाजार में भी बुकिंग शुरू हो चुकी है। पलटन बाजार स्थित सुनील मेहंदी आर्ट के रमेश ने बताया कि इस बार घर पर ही मेहंदी लगवाने की बुकिंग ज्यादा है।