मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में थाना लालबाग पुलिस ने एक बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शहर के एक एप्पल मोबाइल शोरूम में देर रात सेंध लगाकर लाखों रुपये के महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से लगभग 3.20 लाख रुपये का चोरी गया सामान बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार न्यू इंदिरा कॉलोनी निवासी मयंक धर्मशी की सिंधीबस्ती क्षेत्र में मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान है। 16 अप्रैल 2026 की रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। अगले दिन सुबह उन्हें सूचना मिली कि दुकान के ताले टूटे हुए हैं। जब वह मौके पर पहुंचे तो दुकान का शटर आधा खुला मिला और अंदर रखा महंगा सामान गायब था।
दुकान से कई कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी हुए थे, जिनमें एप्पल आईफोन, आईपैड, लैपटॉप एडॉप्टर, ग्राहक का लैपटॉप, ओप्पो मोबाइल और अन्य मोबाइल एसेसरीज शामिल थीं। घटना के बाद फरियादी ने थाना लालबाग में शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए लालबाग पुलिस ने अपराध क्रमांक 108/2026 के तहत धारा 331(4) और 305(a) बीएनएस में केस दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 21 वर्षीय आरोपी किशन पिता मांगीलाल बारेला निवासी ग्राम चिड़ियापानी पिपरी थाना शाहपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने बड़े भाई की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर एप्पल प्लेनेट शोरूम की रेकी की थी। बाद में आरी और सब्बल की मदद से शटर काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सामान में 2 एप्पल मोबाइल, 1 ओप्पो टच स्क्रीन मोबाइल, 2 एप्पल टैबलेट, मेकबुक चार्जर, कार चार्जर, एप्पल ईयरफोन, आईपॉड, पावर बैंक, लैपटॉप बैग और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद माल की कुल कीमत करीब 3.20 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक अमित सिंह जादौन, उपनिरीक्षक जयपाल सिंह राठौर, प्रधान आरक्षक अजय बारुले, भरत देशमुख, आरक्षक नितेश सपकाडे, दिपांशु पटेल, महेश प्रजापति तथा साइबर सेल के दुर्गेश पटेल और शक्ति तोमर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा बाकी चोरी गए सामान की तलाश भी लगातार जारी है।