भोपाल: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 29 जुलाई को मध्यप्रदेश में पहली बार महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व का भव्य आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश के सभी शासकीय और अशासकीय शिक्षण संस्थानों में गुरु-पूजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा।
इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना की भी शुरुआत की जाएगी। श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीराम तिवारी ने बताया कि योजना के तहत प्रदेश के 102 मेधावी विद्यार्थियों को ₹1 लाख की एकमुश्त छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति के लिए आयोजित प्रतियोगिता भगवान श्रीकृष्ण की 14 विद्याओं, 64 कलाओं, महर्षि सांदीपनि के जीवन और भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित होगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, ज्ञान और मूल्यों से जोड़ना है।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव महर्षि सांदीपनि और भारतीय गुरु परंपरा पर आधारित पुस्तकों का भी लोकार्पण करेंगे। श्रीकृष्ण पाथेय न्यास का उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति और गुरु-शिष्य परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाते हुए राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को सुदृढ़ करना है।