1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. येदियुरप्पा मंत्रिमंडल में कांग्रेस जेडीएस छोड़ कर आए 10 बागियों को मिली जगह

येदियुरप्पा मंत्रिमंडल में कांग्रेस जेडीएस छोड़ कर आए 10 बागियों को मिली जगह

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
येदियुरप्पा मंत्रिमंडल में कांग्रेस जेडीएस छोड़ कर आए 10 बागियों को मिली जगह

गुरुवार को कर्नाटक में बीएस येदियुरप्पा कैबिनेट का विस्तार हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन सरकार को हटाने और बीजेपी की सत्ता में आने में मदद करने वाले 10 विधायकों को मंत्री पद दिया। उस वक्त अयोग्य करार दिए गए कांग्रेस-जद(एस) के ये विधायक बीजेपी में शामिल हो गए थे और उन्होंने दिसंबर में हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की। मंत्रियों ने राजभवन में सादे समारोह में शपथ ली।

वजुभाई वाला ने दिलाई शपथ

राज्यपाल वजुभाई वाला ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। जिन 10 नए मंत्रियों को शामिल किया गया है उनमें एस टी सोमशेखर (यशवंतपुर निर्वाचन क्षेत्र), रमेश जारकीहोली (गोकक), आनंद सिंह (विजयनगर), के सुधाकर (चिकबल्लापुर), बी बासवराज (के आर पुरम), ए. शिवराज हेब्बार (येल्लापुर), बी सी पाटिल (हिरेकेरुर), के गोपालैया (महालक्ष्मी लेआउट), के सी नारायण गौडा (के आर पेट) और श्रीमंत बालासाहेब पाटिल (कगवाड) शामिल हैं।

मंत्रियों की संख्या हुई 28, अब भी छ पद खाली

बताते चले कि, इस बहु प्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार से मंत्रियों की संख्या बढ़कर अब 28 हो गई है और अब केवल छह पद रिक्त हैं। पिछले साल अगस्त में हुए पहले मंत्रिमंडल विस्तार में 17 मंत्रियों को शामिल किया गया था। येदियुरप्पा ने रविवार को घोषणा की थी कि गुरुवार को शपथ लेने वाले 10 मंत्रियों समेत 13 विधायकों और बीजेपी के तीन पुराने सदस्यों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।

10 नए मंत्रियों ने गिराई थी एच डी कुमारस्वामी की सरकार

मंत्रिमंडल में शामिल किए गए 10 नए मंत्री उन 16 कांग्रेस-जद(एस) विधायकों में शामिल हैं जिनके चलते एच डी कुमारस्वामी की गठबंधन सरकार गिर गई थी। इन अयोग्य करार दिए गए विधायकों में से 13 ने दिसबंर में हुआ उपचुनाव लड़ा था और इनमें से 11 जीते थे। इनमें से जिस एक विधायक को मंत्रिमंडल विस्तार से बाहर रखा गया है, वह महेश कुमारतली है जिन्हें मुख्यमंत्री ने ‘कुछ और बड़ी जिम्मेदारी’ देने का वादा किया है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...