भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पुराने बयान का एक वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किया है। जिसमें केजरीवाल अपने पुरान वीडियो में कह रहे हैं कि, मैं किसी हद तक जा सकता हूं, मोदी और अमित शाह को हराने के लिए।
वहीं जेपी नड्डा ने इस पुराने वीडियो पर कहा कि, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल जी, अगर आपने काम किया होता तो ये नौबत न आती। पहले जामिया और सीलमपुर में भीड़ को उकसाया। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में आगजनी और पथराव करवाया। फिर शाहीन बाग में धरना और फिर अपने ही कार्यकर्ता से वहां गोली चलवाई। क्या मोदी और शाह को हराने के लिए आप दिल्ली ही जला दोगे।
जेपी नड्डा ने इससे पहले यह भी कहा, “मैं केजरीवाल को साफ करना चाहता हूं कि ये देश किसी भी चुनाव, किसी भी सरकार से बड़ा है और इसकी सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को ये देश माफ नहीं करेगा। केजरीवाल और उसकी पूरी टीम बेनकाब हो गयी। दिल्ली की जनता करारा जवाब देगी। आपको बताते चलें कि, आठ फरवरी को दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने वाले है। दिल्ली में सरकार बनने के लिए पार्टियों ने कमर कस ली है। वहीं चुनाव के नतीजे ग्यारह फरवरी को घोषित किए जाएगे।