नई दिल्ली : JDU नेता और विधान पार्षद तनवीर अख्तर की आज कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। वे कुछ दिनों से पटना के IGIMS अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने शनिवार को आखिरी सांस ली। तनवीर अख्तर जेडीयू अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश के प्रभारी थे। तनवीर अख्तर विधानसभा कोटे से 2016 में एमएलसी बने थे और उनका कार्यकाल जुलाई 2022 तक था।
आपको बता दें कि तनवीर अख्तर बिहार के गया जिला के रहने वाले थे। पहले वे कांग्रेस पार्टी से जुड़े थे। कांग्रेस से ही 2016 में एमएलसी चुने गए थे। मार्च 2018 में जब अशोक चौधरी कांग्रेस छोड़ जदयू में शामिल हुए थे, तो उनमें से एक एमएलसी तनवीर अख्तर भी थे। वे JNU छात्र संघ के अध्यक्ष भी रह चुके थे। इसके अलावा बिहार कांग्रेस के महामंत्री और उपाध्यक्ष के पद पर भी रह चुके थे।
MLC तनवीर अख्तर के निधन की खबर से सियासी गलियारे शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि तनवीर अख्तर कुशल राजनेता और मिलनसार व्यक्ति थे। लोगों के बीच वे काफी लोकप्रिय भी थे। सामाजिक कार्यों में उनकी गहरी अभिरुचि थी। उन्होंने अपने व्यक्तित्व की बदौलत समाज के सभी वर्गों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूर्णीय क्षति हुई है। सीएम ने कहा कि तनवीर अख्तर का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
तनवीर अख्तर के निधन पर सीएम नीतीश कुमार के अलावा राज्य के विभिन्न दलों के नेताओं ने भी शोक जताया है। जदयू सांसद ललन सिंह, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष, JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह, विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, कांग्रेस MLC प्रेमचंद्र मिश्रा सहित कई नेताओं ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
पटना में अब तक 1.21 लाख संक्रमित
आपको बता दें कि बिहार में सबसे अधिक पटना में अबतक 1 लाख 21 हजार 340 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है। इनमें 98,100 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 10 संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। पटना में अभी भी 22,330 कोरोना के सक्रिय मरीज हैं। पटना में पिछले वर्ष कोरोना की पहली लहर के दौरान पटना में 16 मई तक मात्र 100 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई थी। जबकि तब सर्वाधिक 122 संक्रमितों की पहचान के साथ मुंगेर पहले स्थान पर था। 18 मई को पटना में बीएमपी के 58 जवानों के संक्रमित पाए जाने के साथ ही पटना में कोरोना संक्रमितों की संख्या 164 हो गयी थी।