नई दिल्ली : खालिस्तानी समर्थकों ने हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर को लेकर एक धमकी भरा संदेश जारी किया है, जिसमें उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर जयराम ठाकुर को तिरंगा फहराने से रोकने की बात की है। आपको बता दें कि धमकी भरा मैसेज पत्रकारों को आज सुबह मिला है। इस रिकॉर्डेड वॉयस मैसेज में कथित तौर पर सभी प्रो-खलिस्तानी किसानों से किसान ट्रैक्टर विरोध में शामिल होने का आह्वान किया गया है। मैसेज वायरल होने के बाद हिमाचल पुलिस की ओर से संदेश जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि देश में प्रदेश की शांति भंग वाली ताकतों से निपटने में हिमाचल पुलिस सक्षम है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि खालिस्तान समर्थकों की ओर से रिकॉर्ड की गई कॉल प्रदेश के कुछ पत्रकारों को मोबाइल पर भेजी गई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल पुलिस प्रदेश की सुरक्षा और देश विरोधी ताकतों से निपटने में पूरी तरह सक्षम है। इस संबंध में केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को भी सूचित कर दिया गया है।
मंडी दौरे के दौरान सुंदरनगर में सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि मामला उनके ध्यान में आया है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के दिन जहां भी उनका कार्यक्रम होगा वहां तिरंगा झंडा जरूर फहराया जाएगा। मामले को लेकर जांच एजेंसी के माध्यम से भी मामले की गहनता से जांच करवाई जाएगी। जयराम ठाकुर ने चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे-21 पर वाहनों पर खालिस्तानी संगठनों के झंडे लगाकर चल रहे बाहरी राज्यों के वाहनों पर भी चिंता व्यक्त की है। सीएम ने इस प्रकार के मामलों को गंभीरता से लेते हुए गहनता से जांच किए जाने के आदेश भी दिए गए।
Himachal Pradesh Police is fully capable of securing the State & preventing anti-national elements to thwart peace & security in HP, tweets the State Police pic.twitter.com/DuiEvHhD7B
— ANI (@ANI) July 30, 2021
रिकॉर्ड की गई कॉल में कहा गया है कि हिमाचल पंजाब का हिस्सा था। पंजाब में जनमत संग्रह करवाया जाएगा और हिमाचल को फिर से पंजाब में शामिल किया जाएगा। खालिस्तान समर्थकों ने अपील की है कि किसान ट्रैक्टर लेकर सड़कों पर उतरें और सीएम जयराम को 15 अगस्त को तिरंगा न फहराने दें।
बता दें कि इस ऑडियो को खालिस्तान समर्थक समूह सिख फॉर जस्टिस (SFJ) ने जारी किया है। यह धमकी शुक्रवार को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक शिमला के अधिकांश पत्रकारों को एक साथ रिकॉर्ड किए गए फोन कॉल के जरिए दी गई। फोन करने वाले ने खुद की पहचान एसएफजे के जनरल काउंसल गुरपतवंत सिंह पन्नून के रूप में की। जानकारी के मुताबिक गुरपतवंत सिंह पन्नून ने अमेरिका स्थित वाशिंगटन डीसी से यह मैसेज भेजा।