नई दिल्ली : देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के बीच महाराष्ट्र के औरंगाबाद से भूस्खलन की खबरें सामने आ रही है। जिसमें कई गाड़ियां मलबे में दब गई। सड़क बंद होने की वजह से कई इलाकों में ट्रैफिक जाम हो गया है। कोई गाड़ी इस इलाके से गुजर नहीं पा रही है। वहीं पुलिसकर्मी मलबा हटाने की कोशिश कर रहे हैं।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, विदर्भ के पश्चिमी हिस्सों में कम दबाव का क्षेत्र होने से मुंबई और इसके उपनगरों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश जारी रहेगी। अधिकांश स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश (15 सेंटीमीटर से कम) हो सकती है। अगले 2 घंटों के दौरान पूर्व, दक्षिणपूर्व, पूर्वोत्तर, उत्तर, दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दादरी, मेरठ और मोदीनगर के अलग-अलग स्थानों और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तीव्रता के साथ गरज के साथ बारिश हो सकती है।

मौसम पूर्वानुमान-
देश में आज मौसम विभाग ने मौसम को लेकर पूर्वानुमान लगाए है, जिससे कई क्षेत्रों में लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग के अनुसार, तेलंगाना, मराठवाड़ा, विदर्भ और उत्तरी कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश संभव है।
मध्य प्रदेश, गुजरात, दक्षिण और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों, केरल, तटीय कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है।

बिहार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, लक्षद्वीप, रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
हरियाणा दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में हल्की बारिश संभव है।
आपको बता दें कि दिल्ली एनसीआर में लगातार हो रही बारिश के बीच आम नागरिकों ने राहत की सांस ली। क्योंकि पिछले कुछ दिनों से मौसम में उमस रहने के कारण उनका जीवन दुभर हो गया था।