नई दिल्ली : बलात्कार और हत्या से जुड़े मामलों में हरियाणा की रोहतक जेल में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम की तबीयत अचानक बुधवार को बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा में रोहतक के PGI में भर्ती कराया गया। आपको बता दें कि शुरुआती जांच में गुरमीत में कोविड संक्रमण के लक्षण पाए गए हैं। उसका RT-PCR टेस्ट किया गया है लेकिन अभी नतीजे आने बाकी हैं।
हालांकि गुरमीत में कोरोना के लक्षण पाए जाने पर यहां VIP वार्ड में भर्ती किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक गुरमीत राम रहीम को तेज बुखार है, जिसका पहले जेल में ही इलाज जारी था। बुधवार को सांस लेने में तकलीफ के बाद उसे रोहतक PGI लाया गया। बता दें कि इससे पहले PGIMS से एक टीम को जेल में भेजा गया था जो कि गुरमीत की सही स्थिति बता सके। टीम ने जांच कर गुरमीत को अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी। गुरमीत की हालत अब कैसी है पुलिस फिलहाल इस बारे में कुछ भी कहने से बच रही है। बता दें कि इससे पहले आसाराम बापू भी कोरोना संक्रमित पाया गया था। इसके बाद से उसका इलाज जोधपुर एम्स में चल रहा है।
अस्पताल के चारों तरफ कड़ी सुरक्षा
DSP शमशेर सिंह दहिया ने बताया कि गुरमीत को एंबुलेंस के जरिए कई गाड़ियों के सुरक्षा घेरे में अस्पताल लाया गया। सुरक्षा की दृष्टि से ही उसे स्पेशल वार्ड में रखा गया है। अस्पताल के चारों तरफ भी सुरक्षा का घेरा बनाया हुआ है जिससे उसके समर्थकों पर नज़र रखी जा सके। बता दें कि इससे पहले जनवरी में गुरमीत जेल से बाहर आया था जब उसकी मां गुड़गांव के एक अस्पताल भर्ती थीं। इस दौरान उसका एक वीडियो वायरल हो गया था जिसे सुरक्षा में बड़ी चूक बताया गया था।
कोर्ट ने दी 20 साल की सजा
आपको बता दें कि गुरमीत राम रहीम एक साध्वी से दुष्कर्म मामले में 20 साल की सजा काट रहा है। सीबीआई की विशेष अदालत ने दोषी करार देते हुए गुरमीत को सुनारियां जिला जेल में भेज दिया था। इस दिन से वह जेल में है और कई बार पैरोल की डिमांड कर चुका है। 2017 से गुरमीत जेल में बंद है।