सहकारी तंत्र को सशक्त बनाने के लिए सरकार युवाओं को सहकारी क्षेत्र से जोड़ने जा रही है। पेड इंटर्नशिप के जरिए इसमें युवाओं को देश की परंपरागत सहकारी व्यवस्था और इस क्षेत्र में रोजगार सृजन की संभावनाओं के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
देश के युवाओं को अब कृषि और सहकारी क्षेत्र में रोजगार का अवसर प्राप्त होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेश निर्माण के आह्वान को पूरा करने के लिए केंद्रीय कृषि कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सहकारी क्षेत्र में शिक्षित युवाओं के लिए पेड इंटर्नशिप योजना की शुरूआत की है।
राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) द्वारा शुरू की गई योजना का आगाज केंद्रीय कृषि कल्याण, ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री ने किया। इस अवसर पर नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि एनसीडीसी ने सहकारिता क्षेत्र में उद्यमिता विकास के लिए मौजूदा तंत्र में क्षमताएं विकसित करने के लिए सार्थक प्रयास किया।
इसमें युवाओं को इंटर्नशिपक भुगतान किया जाएगा। इसके लिए आवेदकों को एनसीडीसी की साइट पर जाकर आॅन लाइन आवेदन करना होगा।