आजमगढ़ जिले के मुकेरीगंज मुहल्ले में पटाखा की दुकान में विस्फोट होने से हुई सात लोगों की मौत का गम लोग अभी भूल भी नहीं पाए, कि यहां पटाखा पुनः बिकना शुरू हो गया।
मुखबिर की सूचना पर इस बात का खुलासा होने से पुलिस के कान खड़े हो गये। पुलिस ने दुकान में छापेमारी कर माल जब्त करते हुए पटाखा विक्रेताओं को हिरासत में ले लिया है। साथ ही उससे हुई पूछताछ के आधार पर अन्य ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दी है।
रविवार की देर रात शहर कोतवाल केके गुप्ता के नेतृत्व में शुरू हुई यह अल सुबह तक चलता रहा। इस दौरान पुलिस कई दुकानों से भारी मात्रा में पटाखा के साथ विक्रेताओं को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के इस कार्रवाई से पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। बता दें कि आजादी के बाद से भले ही बदलाव की बयार बह रही है, लेकिन पटाखा का लाइसेंस जिस नियम के तहत दिया गया है। पहले तो वह सभी दुकानें आबादी से दूर थी, लेकिन समय के साथ साथ अब इनके आसपास घनी आबादी हो गई है।
ऐसे में आबादी के बीच में ही दुकानदार बारूद का ढेर इकट्टा करके लाकक्षा गृह बनाए हुए हैं। समय रहते इन्हें दूर नहीं किया गया तो कभी भी शहर के मुकेरीगंज जैसे हालात उत्पन्न हो सकते हैं। तब प्रशासन को जवाब देते भी भारी पड़ेगा।
वही इस मामले में पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर भारी मात्रा में पटाखा बरामद किया है। पुलिस उनके निशानदेही पर अन्य ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही मुख्य आरोपी पुलिस के शिकंजे में होंगे।