ग्वालियर में जिला प्रशासन की फायर सेफ्टी पहल का सकारात्मक असर मंगलवार शाम देखने को मिला। कलेक्ट्रेट परिसर में अचानक लगी आग पर कर्मचारियों ने तत्परता और प्रशिक्षण के दम पर तेजी से नियंत्रण पा लिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित State Bank of India के सामने ट्रांसफार्मर के पास अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में आसपास के हिस्से को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर रुचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में कर्मचारियों ने बिना देरी किए आग बुझाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
हाल ही में आयोजित फायर सेफ्टी मेले में कर्मचारियों को आग से बचाव और नियंत्रण का प्रशिक्षण दिया गया था। इसी प्रशिक्षण का फायदा घटना के दौरान देखने को मिला। कर्मचारियों ने फायर उपकरणों का सही उपयोग करते हुए आग पर तेजी से काबू पाया।
कलेक्ट्रेट कर्मचारियों की तत्परता के चलते फायर ब्रिगेड और SDRF टीम के पहुंचने से पहले ही लगभग 90 प्रतिशत आग बुझा दी गई थी। समय रहते आग पर नियंत्रण होने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद जिला प्रशासन की फायर सेफ्टी पहल और कर्मचारियों की जागरूकता की सराहना की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे प्रशिक्षण भविष्य में आपात स्थितियों से निपटने में बेहद कारगर साबित होंगे।