श्योपुर जिले के विजयपुर में खाद की कमी को लेकर किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने से नाराज किसानों ने तहसील कार्यालय के सामने धरना दिया और अपनी मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सुबह करीब 11:30 बजे से 12:30 बजे तक सड़क पर चक्का जाम किया। लगभग एक घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति की सूचना मिलने पर तहसीलदार और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत कर जल्द खाद की व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया। प्रशासन के आश्वासन के बाद किसानों ने अपना चक्का जाम समाप्त कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने स्पष्ट कहा कि यदि अगले दिन तक खाद की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई तो बड़ी संख्या में किसान एकत्र होकर पुल पर चक्का जाम करेंगे। उनका कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने से फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए प्रशासन को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।