नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर के सोपोर में मंगलवार तड़के सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आतंकी मारा गया है। वहीं दो-तीन आतंकियों के छिपे होने की संभावना है। इसे लेकर पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा बल सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों ने आतंकियों की घेराबंदी की है और इस वक्त आतंकियों की तरफ से फायरिंग बंद हो चुकी है। सुरक्षाबल सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
बता दें कि इससे पहले सोमवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक संगठन ‘द रजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ)’ के दो शीर्ष कमांडरों को मार गिराया था। जिनकी पहचना टीआरएफ के सरगना अब्बास शेख और उप सरगना साकिब मंजूर के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से पुलिस के रडार पर थे। मारे गए आतंकियों से हथियार भी बरामद किए गए हैं। दोनों कई नागरिकों की हत्या में शामिल थे। स्थानीय युवाओं को हथियार उठाने के लिए गुमराह करने में शामिल थे। पुलिस के अनुसार यह बड़ी कामयाबी है।
An encounter has started in Sopore. Police and security forces are undertaking the operation. Details awaited: Jammu & Kashmir Police
— ANI (@ANI) August 23, 2021
कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि, ‘‘ हमें इलाके में उनकी मौजूदगी की जानकारी थी। इसके बाद सादी वर्दी में पुलिस के जवानों ने तत्काल इलाके को घेर लिया और आतंकवादियों को ललकारा, जिन्होंने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाई और ये दोनों मारे गए।’’
विजय कुमार ने बताया कि अब्बास शेख के इशारे पर ही साकिब मंजूर श्रीनगर में कई हत्याओं को अंजाम दे चुका था। चार और आतंकी वांछित हैं जिन्हें जल्द मार गिराया जाएगा। वह अभिभावकों से अपील करते हैं कि बच्चों को इस राह पर न जाने न दें। जो चला गया है उसे वापस लाने की कोशिश करें हम उनका स्वागत करेंगे।
उन्होंने कहा कि इलाके के लोग इनसे परेशान हो चुके थे क्योंकि ये दोनों युवाओं को हथियार उठाने के लिए गुमराह कर रहे थे। अब्बास शेख पहले हिज्बुल मुजाहिद्दीन के साथ था लेकिन दो साल पहले टीआरएफ में शामिल हो गया।
आतंकवादियों ने सीआरपीएफ बंकर पर ग्रेनेड फेंका, एक जवान घायल
श्रीनगर के सफाकदल इलाके में सोमवार को आतंकवादियों ने सीआरपीएफ के एक बंकर पर ग्रेनेड फेंका, जिसमें अर्धसैनिक बल का एक जवान घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि शाम करीब सात बजकर 55 मिनट पर आतंकवादियों ने यहां सफाकदल इलाके में आली मस्जिद के पास केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के बंकर पर ग्रेनेड फेंका। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट में सीआरपीएफ के जवान को मामूली चोटें आई हैं।