1. हिन्दी समाचार
  2. Ujjain
  3. सिंहस्थ-2028 कार्यों में लापरवाही पर सख्त हुए संभागायुक्त, हरीफाटक ROB निर्माण एजेंसी पर 5 लाख का जुर्माना

सिंहस्थ-2028 कार्यों में लापरवाही पर सख्त हुए संभागायुक्त, हरीफाटक ROB निर्माण एजेंसी पर 5 लाख का जुर्माना

उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत संभागायुक्त आशीष सिंह ने हरीफाटक रेलवे ओवरब्रिज और मार्ग चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। धीमी प्रगति पर निर्माण एजेंसी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

By: BS Yadav 
Updated:
सिंहस्थ-2028 कार्यों में लापरवाही पर सख्त हुए संभागायुक्त, हरीफाटक ROB निर्माण एजेंसी पर 5 लाख का जुर्माना

उज्जैन: सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत चल रहे विकास कार्यों में लापरवाही पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने शहर में विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान हरीफाटक रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए निर्माण एजेंसी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त ने मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) के अंतर्गत निर्माणाधीन हरीफाटक रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण कार्य निर्धारित गति से नहीं चल रहा है, जिससे परियोजना की समयसीमा प्रभावित हो सकती है। इस पर उन्होंने निर्माण एजेंसी रवि इंफ्राविल्ड प्रोजेक्ट लिमिटेड, राजस्थान पर 5 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।

आशीष सिंह ने कहा कि सिंहस्थ-2028 को देखते हुए सभी परियोजनाओं को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करना बेहद जरूरी है। उन्होंने निर्माण कार्य में बाधा बन रही संरचनाओं को जल्द हटाने और आवश्यक संसाधन बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने नगर निगम द्वारा किए जा रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्यों का भी जायजा लिया। कंठाल चौराहा से सतीगेट और छोटा सराफा से खड़े हनुमान मंदिर तक निरीक्षण कर उन्होंने निर्माण एजेंसी को नाली निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने और मार्ग पर फैला मलबा हटाने के निर्देश दिए।

ad

ad

टंकी चौक क्षेत्र में पाइपलाइन लीकेज मिलने पर भी उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में मार्ग चौड़ीकरण कार्य के दौरान यदि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होती है तो संबंधित इंजीनियर की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।

संभागायुक्त ने ढाबारोड़, दानीगेट, जूना सोमवारिया चौराहा और केडीगेट क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पानी निकासी के लिए नालियों के निर्माण में तेजी लाने और अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

तेलीवाड़ा चौराहे पर निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि जिन हिस्सों में सड़क निर्माण पूरा हो चुका है, वहां आमजन के आवागमन के लिए मार्ग शीघ्र खोला जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।

संभागायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्री महाकालेश्वर मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों और हरीफाटक ब्रिज जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 से पहले सभी निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...