नई दिल्ली : पंद्रह अगस्त आने में महज कुछ घंटे शेष है, उससे पहले ही देश की राजधानी दिल्ली पूरी तरह से छावनी में तब्दील हो गई है। वहीं दिल्ली का लाल किला भी अभेद किले में परिवर्तित हो गया है। जिसे पार करना किसी परिंदे के लिए मुश्किल है। आपको बता दें कि अब से कुछ घंटों बाद भारत आजादी की 75वीं वर्षगांठ बनाएगा। लाल किला की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तिरंगा फहराएंगे।
उससे पहले ही लाल किले पर मल्टी लेयर सिक्योरिटी की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए एंट्री गेट पर कंटेनर की दीवार, एनएसजी स्नाइपर्स, स्वाट कमांडो, ऊंची इमारतों पर शार्पशूटर सहित सुरक्षा रिंग को किले के चारों ओर रखा गया है। आपको बता दें कि लाल किले चारों ओर 9 एंटी ड्रोन रडार तैयार किए गए हैं। फेस रिकॉग्निशन वाले 300 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं ताकि हर चहरे का ब्यौरा रखा जा सके।
लाल किले के मुख्य द्वार के बाहर बड़े-बड़े कंटेनर लगाए हैं, इससे लाल किले को सामने से नहीं देखा सा सकेगा। करीब 15 से 20 कंटेनरों का इस्तेमाल किया गया है। सिर्फ लाल किला की सुरक्षा में 5000 जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पूरी दिल्ली में 40 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। अहतियात के तौर पर दिल्ली की सभी सीमाओं को या तो बंद कर दिया गया है या सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। हर वाहन पर पैनी नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा में कोई कमी न रह जाए, इसलिए दिल्ली पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बल, NSG कमांडो और SPG के जवान भी तैनात रहेंगे। ऊंची इमारतों पर स्नाइपर्स तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सरकारी इमारतों में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।
खालिस्तानी आतंकियों का खतरा
15 अगस्त को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही अलर्ट जारी किया हुआ है। किसानों के आंदोलन और खालिस्तानी आतंकियों की धमके के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने ये कदम उठाना पड़ा है। दिल्ली पुलिस ने लाल किले के आसपास आतंकवादियों के पोस्टर भी चिपकाए हैं। पोस्टर में छह आतंकियों की फोटो लगाकर उनका नाम, पता भी लिखा हुआ है।
बता दें कि इस साल कृषि कानून के खिलाफ बॉर्डर पर बैठे किसान पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती है। इससे पहले 26 जनवरी को किसान आंदोलन के दौरान जमकर हिंसा फैली थी। जिसके कारण इस बार हर संभव कोशिश की जा रही है की किसी तरह कोई लापरवाही न बरती जाए। हालांकि 15 अगस्त के मौके पर दिल्ली हमेशा हाई अलर्ट पर रहती है।
बंद रहेगी मेट्रो की पार्किंग
राजधानी दिल्ली में मेट्रो की पार्किंग एक दिन पहले यानी आज शनिवार सुबह 6 बजे से कल रविवार 15 अगस्त तक सभी के लिए बंद रहेंगी। हालांकि इस दौरान मेट्रो ट्रेन (Metro Rail service on 15 August) सामान्य रूप से चलती रहेगी। दिल्ली मेट्रो को ओर से भी इस बारे जानकारी साझा की गई है।
‘राष्ट्रपति का संबोधन’
परंपरा के मुताबिक देश के राष्ट्रपति आज शाम को राष्ट्र को संबोधित करेंगे। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को राष्ट्र को संबोधित करेंगे। राष्ट्रपति का संबोधन शाम 7 बजे से आकाशवाणी के सभी नेटवर्क पर और दूरदर्शन के सभी चैनलों प्रसारित किया जाएगा।