1. हिन्दी समाचार
  2. ताजा खबर
  3. भारत में मिला कोरोना वायरस का तीसरा पॉजिटिव केस

भारत में मिला कोरोना वायरस का तीसरा पॉजिटिव केस

By RNI Hindi Desk 
Updated Date

भारत में कोरोना वायरस से पीड़ित तीसरे शख्स की पुष्टि हुई है, यह मरीज केरल का है और हाल ही में चीन के वुहान शहर से लौटा था। कोरोना से पीड़िता मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और डॉक्टर उसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं। यह मरीज केरल के कसारगोड का रहने वाला है।

केरल की हेल्थ मिनिस्टर केके शैजला ने बताया कि मरीज का कांजनगाड जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मरीज की हालत स्थिर है। उन्होंने कहा कि, मरीज हाल ही में वुहान से लौटा था। इस बीच केरल के पड़ोसी राज्य कर्नाटक में भी कोरोना वायरस की जांच जारी है। कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब तक राज्य में 29 नमूनों की जांच की गई है जिसमें सभी निगेटिव पाए गए हैं।

बताते चलें कि, सतर्कता के लिहाज से कर्नाटक के मेंगलुरु, कोडागू, चामराजनगर और मैसूर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। कर्नाटक सरकार के मुताबिक अब तक 51 यात्री कोरोना वायरस से प्रभावित देशों से आए हैं और उनमें से 46 को उनके घरों में अलग-अलग रखा गया है। चार लोगों ने देश छोड़ दिया है और एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारत ने चीन से आने वाले विदेशियों के लिए ई-वीजा सेवाएं फिलहाल सस्पेंड कर दी हैं। सरकार ने कहा है कि, वुहान से भारतीयों को लाने का सिलसिला रविवार को पूरा हो गया। रविवार को एयर इंडिया का विमान 330 और लोगों को दिल्ली लाया गया था। इनमें 323 भारतीय और मालदीव के 7 नागरिक हैं। शनिवार को भी 324 भारतीय दिल्ली लाए गए थे।

गौरतलब हो कि कोरोना वायरस से पीड़ितों के लिए चीन ने वुहान में एक अलग अस्पताल बनाया है। इस अस्पताल का निर्माण कार्य 22 जनवरी को शुरू हुआ और 2 फरवरी को पूरा हो गया। 1000 बेड़ वाले इस अस्पताल में 1400 डॉक्टर मरीजों की देखरेख करेंगे।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...