यूपी के गौतमबुद्धनगर में कोरोना वायरस से मौत का पहला मामला सामने आया है। यहां कोरोना से संक्रमित 60 साल के बुजुर्ग की शुक्रवार को मौत हो गई। इससे पहले 4 मई को नोएडा में इलाज करा रहे एक कोरोना मरीज ने दम तोड़ दिया था लेकिन वह गाजियाबाद का रहने वाला था।
राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) के निर्देशक ब्रिगेडियर (रिटायर्ड) डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि गुरुवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे नोएडा के सेक्टर 22 में रहने वाले 60 साल के बुजुर्ग को कोरोना वायरस से संक्रमित होने की वजह से भर्ती कराया गया था लेकिन थोड़ी देर बाद ही उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सुरेश को नोएडा के मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए उन्हें देर रात जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।