कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लगाए गए चार चरणों के लाॅकडाउन के बाद अब देश को पटरी पर लाने के लिए लाॅकडाउन 5.0 को चरणबद्ध तरीके से खोलना शुरू कर दिया गया है। अनलाॅक-1 में कई तरह की छूट दी गई है, वहीं आज से देश में माॅल और धार्मिक स्थालों को भी खोला गया है। लेकिन देश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ो के मुताबिक भारत में पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक 9,983 नए मामले सामने आए है और 206 लोगों की मौत हो गई है जो कि एक दिन में आए अब तक के कोरोना संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले है।
जिसके बाद सोमवार को देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,56,611 पहुंच गई है और अब तक इस खतरनाक वायरस से 7,135 लोगों की मौत हो चुकी है। मंत्रालय ने बताया कि देश में 1,25,381 सक्रिय मामले है जिनका इलाज चल रहा है।
जबकि 1,24,094 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके है और एक व्यक्ति देश छोड़कर जा चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लगभग 48.36 प्रतिशत मरीज ठीक हो चुके है।