गोरखपुर: त्योहारों का सीजन शुरू होने वाला है और इसी के साथ ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ भी बढ़ने लगी है। यात्रियों की अतिरिक्त सुविधा को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने सियालदह और गोरखपुर के बीच द्वि-साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 14 फेरों का संचालन करेगी। खास बात ये है कि इस ट्रेन से पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
त्योहार पर रेलवे की अतिरिक्त ट्रेन
पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक ट्रेन नंबर 03131 सियालदह-गोरखपुर द्वि-साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन का संचालन 13 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। यह ट्रेन सियालदह से प्रत्येक मंगलवार और बृहस्पतिवार को रवाना होगी। ट्रेन सियालदह से रात 11 बजकर 40 मिनट पर चलेगी और अगले दिन कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव के बाद शाम 6 बजकर 15 मिनट पर गोरखपुर पहुंचेगी।

बंगाल से यूपी तक कई स्टेशनों पर ठहराव
सियालदह से चलने के बाद ट्रेन नैहाटी, बैण्डेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी, शाहपुर पटोरी, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, सीवान और भटनी होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी। इसके अलावा देवरिया सदर और चौरी चौरा में भी ट्रेन का ठहराव निर्धारित किया गया है। यानी त्योहार के दौरान इन रूटों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन का विकल्प उपलब्ध होगा।
गोरखपुर से वापसी में भी राहत
वापसी में ट्रेन नंबर 03132 गोरखपुर-सियालदह द्वि-साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन 14 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन गोरखपुर से रात 8 बजकर 35 मिनट पर रवाना होगी। चौरी चौरा, देवरिया सदर, भटनी, सीवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, किऊल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, चित्तरंजन, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान, बैण्डेल और नैहाटी होते हुए अगले दिन दोपहर 3 बजकर 40 मिनट पर सियालदह पहुंचेगी।
22 कोच की होगी त्योहार स्पेशल
रेलवे ने इस विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए हैं। इनमें वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 4 कोच, शयनयान श्रेणी के 10 कोच, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 6 कोच और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं। रेलवे सीपीआरओ सुमित कुमार का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इस विशेष ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। यात्रियों से अपील है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और उपलब्धता की जानकारी जरूर प्राप्त करें। सियालदह से गोरखपुर और गोरखपुर से सियालदह के बीच चलने वाली ये विशेष ट्रेन कुल 14 फेरों में यात्रियों को सफर का अतिरिक्त विकल्प देगी। ऐसे में बंगाल, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए त्योहार के दौरान ये ट्रेन काफी अहम साबित हो सकती है। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे की ये विशेष ट्रेन अतिरिक्त कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी। 13 अक्टूबर से शुरू होने वाली सियालदह-गोरखपुर ट्रेन और 14 अक्टूबर से शुरू होने वाली गोरखपुर-सियालदह ट्रेन 14-14 फेरों में संचालित होगी।
अंकित श्रीवास्तव की रिपोर्ट