1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. पन्ना में चमकी किसानों की किस्मत, 4.70 कैरेट का जेम्स क्वालिटी हीरा मिला

पन्ना में चमकी किसानों की किस्मत, 4.70 कैरेट का जेम्स क्वालिटी हीरा मिला

पन्ना के पटी क्षेत्र में बद्री पटेल और उनके पांच साथियों को 4.70 कैरेट का जेम्स क्वालिटी हीरा मिला है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है। हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है और नीलामी के बाद मिलने वाली राशि से साथी घर निर्माण व पारिवारिक जरूरतें पूरी करेंगे।

By: Nivedita 
Updated:
पन्ना में चमकी किसानों की किस्मत, 4.70 कैरेट का जेम्स क्वालिटी हीरा मिला

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक बार फिर किस्मत ने किसानों का साथ दिया है। पटी क्षेत्र की एक खदान में बद्री पटेल और उनके पांच साथियों को 4.70 कैरेट वजन का जेम्स क्वालिटी हीरा मिला है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस हीरे की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

करीब 15 दिन की मेहनत के बाद मिली सफलता

बद्री पटेल और उनके साथियों ने लगभग 15 से 20 दिन पहले ही खदान में काम शुरू किया था। लगातार मेहनत के बाद उन्हें यह कीमती हीरा मिला। हीरा मिलने के बाद सभी साझेदारों में खुशी का माहौल है। बद्री पटेल ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि मेहनत के साथ भगवान का आशीर्वाद मिला तो एक दिन उनकी खदान से हीरा जरूर निकलेगा। आखिरकार उनकी यह उम्मीद पूरी हुई।

हीरा कार्यालय में कराया जमा

हीरा मिलने के बाद बद्री पटेल ने इसे नियमानुसार पन्ना के हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है। अधिकारियों द्वारा आवश्यक जांच प्रक्रिया के बाद इसे आगामी नीलामी में शामिल किया जाएगा। नीलामी में मिलने वाली वास्तविक राशि के आधार पर सभी साझेदारों को उनके हिस्से की रकम प्राप्त होगी।

 

कोई बनाएगा घर, तो कोई करेगा बच्चों की शादी

हीरे की नीलामी से मिलने वाली रकम को लेकर सभी साझेदारों ने अपनी-अपनी योजनाएं बनाई हैं। बद्री पटेल का कहना है कि वह इस राशि से अपना नया घर बनवाना चाहते हैं। वहीं उनके साथी रतन सिंह यादव, भीखम प्रसाद पटेल और रामचंद्र दुबे इस रकम का इस्तेमाल बच्चों की शादी और अन्य पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने में करने की योजना बना रहे हैं।

जेम्स क्वालिटी का बताया गया हीरा

हीरा पार्क की अनुपम सिंह के अनुसार, हीरे को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के बाद जमा किया गया है। उन्होंने बताया कि प्राप्त हीरा जेम्स क्वालिटी का है और इसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा।

किसानों के परिवारों में खुशी का माहौल

कीमती हीरा मिलने की खबर के बाद बद्री पटेल और उनके साथियों के परिवारों में उत्साह का माहौल है। करीब दो से तीन सप्ताह की मेहनत के बाद मिली इस सफलता ने सभी की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। अब सभी की नजरें आगामी नीलामी पर टिकी हैं, जहां इस हीरे की वास्तविक कीमत सामने आएगी।

 

रिपोर्ट – राजेश रावत

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...