आरा। शहर के वार्ड नंबर 24 में लंबे समय से जलजमाव और खराब सड़क की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने सपना सिनेमा रोड पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग उठाई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में लंबे समय से नाले की सफाई और सड़क की स्थिति खराब होने के कारण जलजमाव बना हुआ है। नाले का गंदा पानी सड़क पर जमा होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कई स्थानों पर सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि लोगों को घरों से निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जलजमाव का असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है। पानी जमा होने के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है। लोगों ने यह भी चिंता जताई कि लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ सकता है और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा पैदा हो सकता है।

प्रदर्शनकारियों का दावा है कि वार्ड की समस्या को लेकर नगर निगम और संबंधित अधिकारियों के अलावा स्थानीय विधायक से भी शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत के साथ नालियों की तत्काल सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की।
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाया, जिसके बाद सड़क से जाम हटाया गया और यातायात बहाल कराया गया। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जलजमाव और सड़क की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर हो सकते हैं।