दिल्ली चुनाव को लेकर अब भी घमासान जारी है, अब चुनाव के परिणाम आने में महज एक दिन बाकी है लेकिन बीजेपी-आप और कांग्रेस पार्टी अब भी एक दूसरे पर निशाना साध रही हैं। सोशल मीडिया पर कांग्रेस पार्टी ने एक वीडियो जारी कर बीजेपी पर निशाना साधा है।
कांग्रेस के इस वीडियो में ऑस्कर अवॉर्ड के कॉमिक रोल के लिए बेस्ट ऐक्टर का अवॉर्ड मनोज तिवारी को देते हुए दिखाया जा रहा है। मनोज तिवारी दिल्ली से सांसद हैं और दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष हैं।
कांग्रेस पार्टी ने इस वीडियो को ट्वीट करते हुए लिखा है कि, जबा चीजें अंधकार में हों और समय कठिन हो तो हम खुद को चीयर करने के लिए सिर्फ थोड़ी सी कॉमेडी कर सकते हैं। ये हैं ऑस्कर के बेस्ट ऐक्टर इन कॉमिक रोल के लिए कुछ नॉमिनेशंस और इसके विजेता।
कांग्रेस पार्टी ने इस मेसेज के साथ जो वीडियो पोस्ट किया है, उसमें वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण, रेल मंत्री पीयूष गोयल और दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी की तस्वीरें लगाई गई हैं। वीजियो के अंत में ऑस्कर अवॉर्ड्स 2020 के लिए बेस्ट ऐक्टर इन कॉमिक रोल का विजेता बताते हुए मनोज तिवारी की फोटो लगाई गई है।