मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल के आदिवासी प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान आदिवासी समाज से जुड़े कई अहम विषयों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया और सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने 9 अगस्त को मनाए जाने वाले विश्व आदिवासी दिवस पर राज्य स्तर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि यह दिन आदिवासी समाज की संस्कृति, पहचान और योगदान को सम्मान देने का अवसर है।
ज्ञापन में आदिवासी क्षेत्रों में संचालित शासकीय आईटीआई, छात्रावासों और स्वास्थ्य केंद्रों के निजीकरण पर रोक लगाने की मांग भी शामिल रही। कांग्रेस ने कहा कि इन संस्थानों का उद्देश्य आदिवासी समुदाय को बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए इनके संचालन को लेकर सरकार को संवेदनशीलता बरतनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने रीवा आदिवासी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष की हत्या का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के सामने उठाया। कांग्रेस नेताओं ने मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद उमंग सिंघार ने कहा कि आदिवासी समाज के सम्मान, अधिकारों और भविष्य से जुड़े मुद्दों को सरकार के सामने मजबूती से रखा गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।
उमंग सिंघार के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया है। कांग्रेस ने उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द ही आदिवासी समाज से जुड़े इन मुद्दों पर आवश्यक कदम उठाएगी।