भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस विभाग के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस जवानों और अधिकारियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी पहनना अपने आप में गर्व और जिम्मेदारी की बात है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि यह उनके जीवन का सबसे अच्छा अवसर है और प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता का विश्वास उनके साथ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की वर्दी पहनकर आदमी शेर बन जाता है। देश की पुलिस से अलग पहचान मध्य प्रदेश पुलिस की है। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साहस और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश पुलिस ने डाकुओं के खात्मे से लेकर नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

अजीत डोभाल का जिक्र
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का उदाहरण देते हुए कहा कि पुलिस अधिकारियों में डोभाल साहब रिटायरमेंट के बाद घर नहीं बैठे। आज भी वे देश के लिए काम कर रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि डोभाल साहब का काम जारी है और पाकिस्तान परेशान है।
27,504 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मी रिटायरमेंट में चले गए, जिसका उन्हें मलाल है। उन्होंने कहा कि उन सभी की तरफ से प्रदेश में 58 वर्गों में 27,504 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति दी गई है।उन्होंने कहा कि पुलिस जवानों ने विपरीत परिस्थितियों में काम करते हुए डाकुओं का खात्मा किया और नक्सलवाद को खत्म करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऐसे पुलिस जवानों पर उन्हें गर्व है।
दो साल में भरेंगे आरक्षक और सब इंस्पेक्टर के पद
मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि 2023 से अब तक 14,104 से अधिक पुलिस अभ्यर्थियों का चयन हो चुका है। उन्होंने कहा कि आरक्षक और सब इंस्पेक्टर के सभी रिक्त पदों को अगले दो साल के अंदर भरने का लक्ष्य रखा गया है। इस संबंध में उन्होंने डीजीपी और एसीएस से चर्चा भी की है।
खंडवा में बनेगी नई बटालियन
मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडवा में पुलिस बटालियन का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही दो अन्य बटालियनों के स्थान भी जल्द तय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बटालियन में बेगा और भारिया जैसी अति पिछड़ी जनजातियों को भी शामिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे अन्य विभागों की तुलना में पुलिस विभाग के लिए ज्यादा काम करने के बारे में सोचते हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके हितों और सुविधाओं को लेकर गंभीरता से काम कर रही है।