मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा के एफडीडीआई ऑडिटोरियम में आयोजित अधिकारी-कर्मचारी अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन स्थापित करने और सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सरकार लगातार नए कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब प्रत्येक शुक्रवार को सरकारी कार्यालयों में बैठकों की जगह अधिकारी मैदानी क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे शासकीय योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे। उन्होंने बताया कि जन विश्वास अभियान के तहत यह व्यवस्था आगामी 7 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार को लागू रहेगी।
डॉ. यादव ने कहा कि जन विश्वास अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाना और जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान प्रदेश में सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा गरीब, किसान, युवा और महिलाओं सहित सभी वर्गों के हित में कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मध्यप्रदेश सरकार भी प्रदेशवासियों के विकास और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लंबे समय से लंबित अधिकारी-कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया को गति दी गई है। छिंदवाड़ा जिले में 1281 अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया है। उन्होंने बताया कि शेष कर्मचारियों की पदोन्नति की प्रक्रिया भी सितंबर-अक्टूबर तक पूरी करने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने रोजगार के अवसरों को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में विभिन्न विभागों में नई भर्तियां जारी हैं। पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है, जिसमें ड्राइवर के पद भी शामिल हैं। इसके अलावा स्कूल शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग में भी बड़ी संख्या में नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि बीते ढाई वर्षों में एक लाख पदों पर भर्ती की जा चुकी है और अब दो लाख नए पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छिंदवाड़ा से एक नई व्यवस्था की शुरुआत की जा रही है, जिसमें अधिकारी सीधे जनता के बीच जाकर योजनाओं की स्थिति समझेंगे। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आठ नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए। इस अवसर पर अधिकारी-कर्मचारियों और उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।