रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
नोएडा : आपने सुना होगा कि किसी चरसी को जब चरस की तलब उठती है तो वो कहां है, उसे ध्यान नहीं रह जाता । चाहे वो आॅफिस हो, घर हो या मंदिर हो कहीं भी शुरू हो जाता है । लेकिन चरस की तलब इस हद तक चरसी ने जेल को भी नहीं छोड़ा और पुलिसवालों की आंखों में धूल झोककर जेल में चरस मंगाता रहा ।
जी हां, मामला नोएडा के गौतमबुद्ध नगर जिला जेल से सामने आया है । जहां पुलिस ने जेल में चोरी से ले जा रहे चरस को पकड़ लिया है । पुलिस ने लगभग 450 ग्राम चरस बरामद की है । इस मामले को लेकर थाना इकोटेक वन में एफआईआर दर्ज करवाई गई है । बता दें कि इस मामले का खुलासा रविवार को हुआ । बता दें कि चरसी कैदी कुरकुरे और नमकिन के पैकेट में चरस मंगाते थे ।
जानकारी के मुताबिक, कोरोना संक्रमण के चलते पिछले साल भर से जेल में बंदियों की मुलाकात बंद है । जेल में बंद लोग अपनी जरूरत का सामान घरवालों से मंगवाते हैं । रविवार को विचाराधीन बंदी अनिल के नाम से मंगल सिंह नाम का शख्स सामान देकर गया था । सोमवार को कैदियों के लिए आए सामान को बंटवाया जा रहा था । बारी आने पर सामान देने के लिए जेल प्रशासन ने अनिल को बुलाया, लेकिन अनिल ने किसी भी सामान को मंगवाने से इनकार किया । अनिल ने बताया कि साथी कैदी मनीष गुप्ता ने उसके नाम से यह सामान मंगाया है । वहीं, साथ में आए कैदी मनीष ने भी बताया कि सामान उसका है ।
बताया जा रहा है कि सामान लेने के लिए मनीष गुप्ता और अनिल हड़बड़ी दिखाने लगे । इस पर जेल प्रशासन को शक हो गया । कैदी के सामान में नमकीन, कुरकुरे और अन्य खाद्य पदार्थ के पैकेट थे । कैदी के सामने जेल प्रबंधन ने नमकीन के पैकेट को फाड़ा तो उसमें चरस के टुकड़े मिले । दूसरे पैकेट को फाड़ने पर उसमें भी चरस भरी मिली । जांच करने पर चरस का वजन 455 ग्राम मिला है । जेल प्रशासन ने चरस को जब्त कर लिया । लगभग 100 ग्राम चरस जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दी गई है ।
जेल अधीक्षक भीम सेन मुकुंद ने बताया कि कैदी मनीष गुप्ता अभी नार्कोटिक्स के एक मामले में ही जेल में बंद है । जांच में पता चला है कि उसने होली के त्योहार पर जेल में चरस बेचने के लिए मंगाई थी । मामला सामने आने के बाद जांच और सुरक्षा बढ़ा दी गई है ।
मामला सामने आने के बाद प्रशासन का कहना है कि जेल में कैदियों के लिए आने वाला सारा सामान और पैकेट खोलने के बाद ही दिए जाएंगे । साथ ही पुलिस ने मनीष गुप्ता के खिलाफ थाना इकोटेक वन में एफआईआर दर्ज कर ली है ।