नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हो रहे दिल्ली के जामिया नगर इलाके में प्रदर्शन के दौरान दो बार गोली चलाने की घटनाएं सामने आ चुकी है, अब एक बार फिर से जामिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन के दौरान फायरिंग की गई है।
दरअसल, जामिया इस्लामिया के गेट नंबर 5 पर स्कूटी सवार दो अज्ञात युवकों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर फायरिंग की, हालांकि गोली किसी को लगी नहीं, लेकिन इससे मौके पर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, गोली चलाने के बाद स्कूटी सवार दोनों युवक मौके से फरार हो गए।
इस घटना के विरोध में छात्रों ने जामियानगर थाने में घेराव कर लिया और गोली चलाने वालों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने गोली चलने की घटना की अभी पुष्टि नहीं की है।
इससे पहले भी 30 जनवरी को जामिया में एक युवक ने फायरिंग की थी। इस घटना के बाद 1 फरवरी को शाहीन बाह में भी फायरिंग हुई और अब फिर से जामिया के गेट नंबर पांच पर फायरिंग की खबर से लोग अब दहशत में हैं।