1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. शिवपुरी में बस ऑपरेटरों का प्रदर्शन, SP को सौंपा ज्ञापन

शिवपुरी में बस ऑपरेटरों का प्रदर्शन, SP को सौंपा ज्ञापन

शिवपुरी में बस ऑपरेटरों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर परमिट वाली बसों के समानांतर ईको, इलेक्ट्रिक, CNG थ्री-व्हीलर और टैक्सियों से हो रहे कथित अवैध सवारी परिवहन पर कार्रवाई की मांग की।

By: BS Yadav 
Updated:
शिवपुरी में बस ऑपरेटरों का प्रदर्शन, SP को सौंपा ज्ञापन

शिवपुरी। शहर में परमिट वाली बसों के समानांतर चल रहे ईको, इलेक्ट्रिक और सीएनजी थ्री-व्हीलर समेत टैक्सी वाहनों के खिलाफ बस ऑपरेटरों ने मोर्चा खोल दिया है। बस ऑपरेटरों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर नियम विरुद्ध सवारी परिवहन करने वाले वाहनों की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

परमिट वाली बसों के समानांतर चलने का आरोप

बस ऑपरेटरों के मुताबिक शिवपुरी से ग्वालियर, गुना, पोहरी, करैरा, बदरवास और मोहना समेत विभिन्न मार्गों पर परमिट वाली बसें संचालित होती हैं। आरोप है कि इन्हीं मार्गों और बस स्टैंडों से ईको, इलेक्ट्रिक वाहन, सीएनजी थ्री-व्हीलर और टैक्सी चालक कथित तौर पर अवैध रूप से सवारियां परिवहन कर रहे हैं।बस ऑपरेटर मुकेश चौहान ने कहा कि समानांतर परिवहन के चलते परमिट वाली बसों की आय पर सीधा असर पड़ रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

हादसों का भी जताया खतरा

ऑपरेटरों का कहना है कि सड़कों पर छोटे वाहनों की संख्या लगातार बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। उनका आरोप है कि जब बस संचालक इन वाहनों को रोकने का प्रयास करते हैं तो कई जगह विवाद की स्थिति बन जाती है। कुछ मामले पुलिस थानों तक भी पहुंच चुके हैं।

पहले भी की जा चुकी है शिकायत

बस ऑपरेटरों का कहना है कि इस मामले में पहले सिटी कोतवाली थाना, यातायात पुलिस और आरटीओ विभाग को भी शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।अब बस ऑपरेटरों ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जांच कराने और नियम विरुद्ध संचालित वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बसें खड़ी करने की चेतावनी

ऑपरेटरों ने कहा कि यदि अवैध समानांतर परिवहन पर रोक नहीं लगाई गई तो उन्हें लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मजबूरन बसें खड़ी करने का कदम उठाना पड़ सकता है।
कुलदीप गुप्ता की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...