आर्थिक सर्वे पेश किए जाने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार की नीतियों और विकास दृष्टि को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि देश का ध्यान इस समय केंद्रीय बजट पर केंद्रित होना स्वाभाविक है, क्योंकि बजट देश की आर्थिक दिशा और विकास की प्राथमिकताओं को तय करता है। लेकिन सरकार की पहचान केवल बजट तक सीमित नहीं है। बीते वर्षों में सरकार ने ‘Reform, Perform और Transform’ की नीति के जरिए देश को विकास की नई गति दी है।
सुधारों की ‘Reform Express’ पर तेजी से आगे बढ़ रहा भारत
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब सुधारों की ‘Reform Express’ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह सुधारों की यात्रा केवल सरकार तक सीमित नहीं है, बल्कि संसद के सभी सदस्यों के सकारात्मक सहयोग से इसे लगातार मजबूती मिल रही है। उन्होंने संसद के सभी साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा के कारण यह सुधार यात्रा निरंतर गति पकड़ रही है। देश अब लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के दायरे से बाहर निकलकर स्थायी और दूरगामी समाधानों की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
भारत-ईयू एफटीए को बताया आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी भारत की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता भारतीय युवाओं और उद्योगों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि यह एफटीए आत्मविश्वासी, प्रतिस्पर्धी और उत्पादक भारत की नींव को और मजबूत करेगा।
‘आत्मनिर्भर भारत के लिए मुक्त व्यापार’
प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा तिमाही की शुरुआत बेहद सकारात्मक रही है और आज आत्मविश्वासी भारत दुनिया के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरा है। उन्होंने भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते को “महत्वाकांक्षी भारत के लिए मुक्त व्यापार, आकांक्षी युवाओं के लिए मुक्त व्यापार और आत्मनिर्भर भारत के लिए मुक्त व्यापार” करार दिया। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि भारतीय निर्माता इस अवसर का भरपूर उपयोग कर अपनी क्षमताओं और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ाएंगे।
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने देश के दीर्घकालिक विकास लक्ष्य पर बात करते हुए कहा कि 21वीं सदी का पहला चौथाई हिस्सा पूरा हो चुका है और अब अगले चरण की शुरुआत हो रही है। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अगले 25 वर्ष अत्यंत महत्वपूर्ण होंगे। उन्होंने बताया कि इस नए चरण का पहला बजट जल्द ही संसद में प्रस्तुत किया जाएगा।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण नौवीं बार पेश करेंगी बजट
प्रधानमंत्री ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि वह देश की पहली महिला वित्त मंत्री हैं, जो लगातार नौवीं बार संसद में बजट पेश करने जा रही हैं। उन्होंने इसे संसदीय इतिहास का गौरवपूर्ण क्षण बताया।
राष्ट्रपति के अभिभाषण का भी किया उल्लेख
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास, क्षमता और आकांक्षाओं की अभिव्यक्ति है, विशेषकर युवाओं की उम्मीदों का। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रपति द्वारा संसद सदस्यों को दिया गया संदेश सभी सांसद गंभीरता से लेंगे और देशहित में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करेंगे।






