नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के लाल चौक इलाके में बीजेपी नेता गुलाम रसूल डार और उनकी पत्नी की आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों ने दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग में सरपंच और भाजपा किसान मोर्चा की कुलगाम जिला इकाई के अध्यक्ष गुलाम रसूल डार और उनकी पत्नी पर गोलियां बरसाईं।

इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि हमलावरों को पकड़ने के लिए इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बता दें कि कुलगाम के रेडवानी के निवासी डार भाजपा समर्थित सरपंच थे। उन्होंने पिछले साल जिला विकास परिषद् का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन हार गए थे। डार इस समय अनंतनाग में किराये के मकान में रह रहे थे।
#UPDATE | Gulam Rasool Dar, Kulgam BJP Kisan Morcha president, and his wife died in an attack by terrorists in Anantnag: Jammu & Kashmir BJP leader Altaf Thakur
(Visuals from the spot, deferred by unspecified time) pic.twitter.com/1bV80iKFKb
— ANI (@ANI) August 9, 2021
भाजपा जम्मू-कश्मीर के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने अनंतनाग आतंकवादी हमले में गुलाम रसूल डार और उनकी पत्नी की हत्या की निंदा की है। ठाकुर ने कहा कि निर्दोष लोगों पर हमला और उनकी हत्या आतंकियों की हताशा को दर्शाता है। ठाकुर ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही पुलिस से हमलावरों को पकड़ने और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने का आग्रह किया है।
वहीं, पीडीपी मुखिया ने कहा कि यह सुनकर अत्यंत दुख हुआ कि आज भाजपा सरपंच और उनकी पत्नी की आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।