नागरिकता संशोधन कानून को लेकर दिल्ली के शाहीन बाग में हो रहे प्रदर्शन पर अब जमकर राजनीति हो रही है। हर दिन कोई न कोई नेता इसपर अपने बयान देकर चर्चा में है, और अब केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्विटर के जरिए शाहीन बाग पर निशाना साधा है।
शाहीन बाग में हो रहे प्रदर्शन का गिरिराज सिंह ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें प्रदर्शनकारी महिलाएं कहते हुए नजर आ रही हैं कि हमें डराओ मत, हमारी शुरुआत सिर कटाने से होती है। वीडियो शेयर करते हुए केंद्रीय मंत्री ने लिखा है कि, यह शाहीन बाग अब सिर्फ आंदोलन नहीं रह गया है, यहां सुसाइड बॉम्बर का जत्था बनाया जा रहा है। देश की राजधानी में देश के खिलाफ साजिश हो रही है।
वीडियो में एक महिला को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, बता देना हम मुसलमानों ने लोरी नहीं सुनाई, अपने बच्चों को हमने ट्विंकल-ट्विंकल नहीं पढ़ाया। हमने अफने बच्चों को बचपन से करबला का वाकया सुनाया है। करबला के नादान में सिर्फ मर्दों ने नहीं बल्कि औरतों ने भी कुर्बानी दी थी, हमें डराओ मत, हमारी शुरुआत सिर कटाने से होती है।
इसके आगे वीडियो में यह भी कहा गया है कि, इमाम-ए-हुसैन ने बता दिया था कि यह मत सोचना कि यजीद सिर्फ अभी है, यजीद कयामत तक आएगा और सुन लो मुसलमानों तुम्हें अपने बच्चों को हुसैन बनाकर पेश करना पड़ेगा… हिम्मत चाहिए तो करबला को याद करके बैठे रखना। तुम अगर नागरिकता सबको दे रहे हो तो हिंदुस्तान के मुसलमानों को भी नागरिकता दो। हम मोहताज नहीं हैं, हमें साबित करने की जरूरत नहीं है। करोड़ों की कमाई जो इंडिया में होती है हमारे पुरखों की बनाई इमारतों से होती है। ताजमहल देख लो, कुतुबमीनार देख लो, हमारे पुरखों ने बनवाई है।