नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के मोचवा इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच जारी मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया है। सुरक्षा बलों ने एक एके 47 राइफल और एक पिस्टल बरामद की है। घाटी में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का आपरेशन जारी है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार जवानों ने मोर्चा संभाला हुआ है।
Jammu & Kashmir | One unidentified terrorist killed. One AK 47 rifle & one pistol were recovered. Search going on. Further details shall follow: Kashmir Zone Police
— ANI (@ANI) August 6, 2021
खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों द्वारा मोचवा इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था, तभी इलाके में छिपे आतंकियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवाब में सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग की। अब दोनों ओर से गोलीबारी हो रही है।
आपको बता दें कि इससे पहले जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए थे। जम्मू क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, (एडीजीपी) मुकेश सिंह ने कहा था, “ये तीन-चार आतंकवादियों का एक समूह है, जिनमें से दो विदेशी आतंकवादी हैं। हमें लगता है कि वे कश्मीर से इस ओर आए हैं।”
सिंह ने बताया कि सुरक्षा बल जिले के वन क्षेत्र में पिछले एक महीने से आतंकवादियों के एक समूह की तलाश कर रहे थे। हमें इस संबंध में थानामंडी से जानकारी मिली और वन क्षेत्र में आतंकवादियों तक पहुंचते ही मुठभेड़ शुरू हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी करनी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। राजौरी की पुलिस अधीक्षक शीमा नबी कसबा अभियान की निगरानी कर रही हैं।
आपको बता दें कि राजोरी के कई इलाके आतंकवाद से प्रभावित रहे हैं, लेकिन लंबे समय से राजोरी आतंकी गतिविधियों से महफूज रहा। अब पिछले एक वर्ष से राजोरी को फिर से दहलाने की कोशिश की जा रही है। एक साल की घटनाओं पर नजर दौड़ाएं तो राजोरी के कलाल में सेना द्वारा पिछले साल जून में तीन आतंकियों को एलओसी से घुसपैठ करते समय ढेर किया गया था।
इसके बाद सितंबर में सेना और पुलिस ने तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया था। यह आतंकी कश्मीर घाटी से राजोरी में हथियारों की खेप लेने पहुंचे थे। यह हथियार ड्रोन से गिराए गए थे।