नई दिल्ली : पंजाब में जारी सियासी घमासान के बीच कांग्रेस लगातार अंतर्कलह का शिकार हो रही है। एक तरफ जहां गुलाम नबी आजाद और कपिल सिब्बल ने कांग्रेस के नेतृत्व पर सवाल खड़ा किया है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के ही दिग्गज नेता और पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने कांग्रेस पर जमकर हमला करने के साथ ही पीएम मोदी की जमकर तारीफ की है। दिग्गज नेता नवटर सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी को चुनौती देने वाला कांग्रेस में कोई नेता नहीं है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने कहा कि, ‘क्या आपको ऐसा लगता है? क्या वह पीएम मोदी के सामने टिक पाएंगे? अगर आपको दोनों के बीच का अंतर देखना हो तो पीएम मोदी और राहुल गांधी के बीच बहस करवाकर देख लीजिए। आपने टीवी चैनल पर राहुल गांधी का साक्षात्कार भी देखा होगा। पीएम मोदी एक अच्छे वक्ता हैं। वह निडर और साहसी हैं। वह (राहुल गांधी) उनके (पीएम मोदी) के खिलाफ कुछ नहीं कर सकते। कांग्रेस में कोई भी नहीं है, जो मोदी को चुनौती दे सकता है, क्योंकि वह एक महान वक्ता हैं।’
इस दौरान नटवर सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी सवाल उठाया और देश भर में पार्टी के आधार कमजोर होने के लिए गांधी परिवार को जिम्मेदार ठहराया। पांच राज्यों में कांग्रेस की चुनावी संभावनाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मुझे ऐसा नहीं लगता कि पार्टी बीजेपी को हरा सकती है। अगर उन्होंने कोई स्टैंड लिया होता … लेकिन … उनका फैसला खराब है। गांधी परिवार के पास कोई सलाहकार नहीं है और इन्हें लगता है कि हम लोग तीस मार खां हैं।
नटवर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के पास पार्टी में कोई पद नहीं है, मगर फैसले वही लेते रहते हैं। सिंह ने बताया कि कांग्रेस पार्टी में मौजूदा संकट के लिए तीन लोग जिम्मेदार हैं। उनमें से एक राहुल गांधी हैं, जिनके पास कोई पद भी नहीं है मगर वह फैसले लेते रहते हैं। बता दें कि पंजाब, छत्तीसगढ़ और केरल में कांग्रेस की स्थिति को लेकर नटवर सिंह ने राहुल की आलोचना की है।