नई दिल्ली : आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में आज सुबह करीब 10 बजे बड़ा हादसा हो गया, जिसमें कम से कम 5 मजदूरों की मौत हो गई है। आपको बता दें कि यहां विस्फोट पत्थर तोड़ने वाली विस्फोटक सामग्री में हुई थी। धमाका होने से कम से कम पांच मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। अभी मलबे के नीचे कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।
पुलिस के मुताबिक इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि विस्फोट स्थल पर क्षत-विक्षत शव बिखरे पड़े थे। कडप्पा जिले के पुलिस अधीक्षक के अंबुराजन ने बताया कि यह हादसा तब हुआ जब मामिल्लापल्ली गांव के बाहर स्थित चूना पत्थर की खदान पर जिलेटिन की छड़ों की एक खेप उतारी जा रही थी। धमाका इतना तेज था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जिलेटिन की यह छड़ें बुडवेल से लाई गई थी।
दुर्घटनास्थल से एसपी ने बताया कि, “यह लाइसेंस प्राप्त खदान है और प्रमाणित संचालक द्वारा यह खेप लाई गई थी। धमाका तब हुआ जब छड़ों को वाहन से उतारा जा रहा था।” हादसे के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने कडप्पा जिले के अधिकारियों से बात कर घटना की जानकारी ली। इसमें कहा गया कि उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।