सावन माह में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए रोहतास जिला प्रशासन ने गुप्ता धाम में तैयारियां तेज कर दी हैं। कैमूर पहाड़ी की गुफा में स्थित प्रसिद्ध गुप्तेश्वर महादेव मंदिर का जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर और गुफा के भीतर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने गुफा में स्थित प्राकृतिक शिवलिंग के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने श्रावणी मेले की तैयारियों का स्थल पर निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान गुफा के अंदर ऑक्सीजन की कमी की समस्या पर विशेष चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पाइपलाइन के माध्यम से ऑक्सीजन की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही गुफा के भीतर जमा दूषित हवा को बाहर निकालने के लिए प्रभावी वेंटिलेशन व्यवस्था विकसित करने को कहा गया।

प्रशासन को जानकारी मिली कि गुफा के अंदर चलते समय श्रद्धालुओं के पैरों में कंकड़ चुभने की समस्या होती है। इसे देखते हुए डीएम ने पूरे मार्ग पर अच्छी गुणवत्ता का मैट बिछाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए गुफा के भीतर प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि सावन के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन का अनुभव मिल सके।
कैमूर पहाड़ियों के बीच स्थित गुप्ता धाम में प्राकृतिक शिवलिंग के दर्शन के लिए हर वर्ष सावन माह में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। चारों ओर जंगल और पहाड़ों से घिरा यह धार्मिक स्थल बरसात के मौसम में अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए भी प्रसिद्ध है। प्रशासन इस बार श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पहले से तैयारियों में जुट गया है।