शेखपुरा। भाजपा की ओर से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत शेखपुरा में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाहरणालय स्थित खेल मैदान में हुए मुख्य आयोजन में बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के विचार सुने। संबोधन में सेवा, जनभागीदारी और भारत को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प पर जोर दिया गया।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने सेवा ज्योति मशाल प्रज्ज्वलित की। इसके बाद सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। मशाल यात्रा कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर तीनमुहानी मोड़ तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के बाद सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि देश तेज गति से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में भारत को स्वदेशी विमान निर्माण जैसे क्षेत्रों में भी आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जाना चाहिए।
सेवा ज्योति यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। कार्यकर्ताओं ने सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।