1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. विश्व हृदय दिवस पर जयारोग्य अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम, स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश

विश्व हृदय दिवस पर जयारोग्य अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम, स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश

ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग में विश्व हृदय दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हृदय रोगों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली और मरीजों की बेहतर सेवा पर जोर दिया गया। अधिष्ठाता डॉ. आरकेएस धाकड़ ने भविष्य में शुरू होने वाले कार्डियोथोरेसिक सर्जरी विभाग की जानकारी भी साझा की।

By: Nivedita 
Updated:
विश्व हृदय दिवस पर जयारोग्य अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम, स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश

ग्वालियर:  विश्व हृदय दिवस के अवसर पर गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के जयारोग्य चिकित्सालय समूह के कार्डियोलॉजी विभाग में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को हृदय रोगों के प्रति सजग करना और हृदय को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी सावधानियों एवं बेहतर जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।

चिकित्सा अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अधिष्ठाता डॉ. आरकेएस धाकड़ उपस्थित रहे। संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना और अस्पताल प्रबंधक डॉ. अनिल मेवाफरोश ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. पुनीत रस्तोगी ने की।

जल्द शुरू होगा कार्डियोथोरेसिक सर्जरी विभाग

कार्यक्रम के दौरान अधिष्ठाता डॉ. आरकेएस धाकड़ ने अस्पताल में भविष्य में शुरू होने वाले कार्डियोथोरेसिक सर्जरी विभाग की जानकारी साझा की। उन्होंने चिकित्सकों और अस्पताल कर्मचारियों से मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया। विभागाध्यक्ष डॉ. पुनीत रस्तोगी ने भी मरीजों के हित को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने चिकित्सा सेवा को सेवा भाव से करने की बात कही और इसे ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ की भावना से जोड़ा।

 

चिकित्सकों और नर्सिंग अधिकारियों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम का संचालन डॉ. गौरव कवि भार्गव ने किया, जबकि डॉ. राम मरावत ने उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अस्पताल के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ चिकित्सक और नर्सिंग अधिकारी मौजूद रहे।

हृदय स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता पर जोर

विश्व हृदय दिवस के आयोजन के जरिए हृदय रोगों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में लोगों को अपने हृदय के स्वास्थ्य पर ध्यान देने, आवश्यक सावधानियां बरतने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व से अवगत कराया गया।

 

रिपोर्ट – अरविंद सिंह पवैया

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...