1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. असम विधानसभा चुनाव 2021 : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जारी किया घोषणापत्र, जनता पर वादों की बौछार

असम विधानसभा चुनाव 2021 : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जारी किया घोषणापत्र, जनता पर वादों की बौछार

By Amit ranjan 
Updated Date

नई दिल्ली : असम विधानसभा चुनाव होने में महज 7 दिन शेष है, उससे पहले ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कांग्रेस का घोषणापत्र जारी कर दिया। जिसमें कांग्रेस ने कहा है कि अगर असम में उसकी सरकार बनी तो वो घर में काम करने वाली प्रत्येक गृहणी को 2 हजार रुपए प्रति माह देगी। नौजवानों को 5 लाख नौकरियां प्रदान की जाएंगीं। असम में CAA कानून लागू नहीं होने दिया जाएगा। चाय बागानों में काम करने वाले मजदूरों को मोदी सरकार के 165 रुपए प्रति दिन की मुकाबले 365 प्रति दिन दिए जाएंगे और असम के प्रत्येक घर को 200 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगी।

आपको बता दें कि इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने RSS और बीजेपी पर भी जमकर हमला किया। जिसमें उन्होंने कहा कि, ‘हम सब जानते हैं कि आरएसएस और भाजपा देश की विविधता भरी संस्कृति पर हमला कर रही है। आरएसएस और भाजपा हमारी भाषा पर, हमारे इतिहास पर, हमारे सोचने के तरीके पर। हमारे रहने के तरीके पर हमला कर रही है। ये मेनिफेस्टो इस बात की गारंटी है कि हम असम राज्य के विचार को संरक्षित करने के लिए लड़ेंगे।

आपको बता दें कि गुवाहाटी में मेनिफेस्टो जारी करने से पहले राहुल गांधी ने जोरहाट में एक रैली को संबोधित किया। जहां उन्होंने कहा कि, ‘आपका पैसा आपकी शिक्षा में, आपके स्वास्थ्य में, आपके रोजगार में जायेगा, वो किसी दूसरे की जेब में नहीं जायेगा। असम में बहुत सारे सरकारी पद खाली हैं, हम उन पदों को भर कर रोजगार देंगे।’

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, ‘हम छोटे और मिडिल साइज बिजनेस की मदद करेंगे, उन इंडस्ट्रीज की मदद करेंगे जिससे रोजगार सृजन होगा। हम असम के लाखों युवाओं को रोजगार देने की गारंटी देते हैं।’ बीजेपी पर उद्योगपतियों की मदद करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, ‘ये प्रदेश आपका प्रदेश है, इसको नागपुर से नहीं चलाया जा सकता है। ये लोग पूरा का पूरा असम दूसरों के हवाले कर रहे हैं। आपका यहां एयरपोर्ट था, एयरपोर्ट अडाणी को पकड़ा दिया।’

कांग्रेस की सरकार बनेगी, महाजोत की सरकार बनेगी. आपके अधिकारों की रक्षा करेगी, गरीबों के अधिकारों की रक्षा करेगी. जो आपका है, वो आपको वापस दिलवायेगी।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...