दिल्ली की राजनीति इस वक्त गरमाई हुई है, इस बीच राजनीतिक पार्टियां एक दूसरे पर जमकर बरस रही हैं। इस बीच बीजेपी ने विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोलना शुरु कर दिया है। आज दिल्ली में आयोजित एक रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि, राहुल बाबा, केजरीवाल एंड कंपनी इसलिए अनुच्छेद 370 नहीं हटाना चाहते थे, क्योंकि ये अपने वोटबैंक से डरते थे। हम वोटबैंक से नहीं डरते, देश का जो भला हो, उसे हम डंके की चोट पर करते हैं।
शाहीन बाग में शरजील इमाम ने कहा कि असम को भारत से अलग कर दो। हिंदुस्तान का बच्चा-बच्चा असम के लिए अपनी जान देने के लिए तैयार है, असम को भारत से कोई अलग नहीं कर सकता। हमने शरजील इमाम को पकड़कर जेल में डाला, पर इन्होंने उसकी सजा के लिए जरूरी कानूनी कार्यवाही नहीं की।
केजरीवाल हमसे कह रहे हैं कि आपका सीएम प्रत्याशी कौन है, मैं उनके साथ विकास के मुद्दे पर चर्चा करना चाहता हूं। केजरीवाल जी चर्चा के लिए सीएम प्रत्याशी की जरूरत नहीं है। कोई भी कार्यकर्ता इस पर चर्चा कर सकता है। दिल्ली का हर नागरिक भाजपा का सीएम प्रत्याशी है।
केजरीवाल ने दावा किया था कि अगर वो सत्ता में आएंगे तो यमुना को साफ कर देंगे। इसी पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि, केजरीवाल जी ने कहा था कि हम यमुना को शुद्ध करेंगे। अगर यमुना शुद्ध हुई है तो केजरीवाल यमुना में डुबकी लगाकर दिखाएं।
विकास के मुद्दे पर चर्चा को लेकर अमित शाह ने कहा कि, आम आदमी पार्टी वाले कहते हैं कि हम विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रहे हैं। केजरीवाल, आपने जितने वादे किए थे, उनकी लिस्ट लेकर आ जाओ, हमारा कोई भी कार्यकर्ता आपसे चर्चा कर लेगा और जनता को समझ आ जाएगा कि कितने वादे आपने पूरे किए हैं।